लाखों रूपये की आभूषणों की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

उधम सिंह नगर। के बाजपुर में हुई करीब 34 लाख रुपए की ज्वेलरी चोरी का खुलासा हो गया है। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद कर लिया गया है। उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में हुई करीब 34 लाख रुपए कीमत के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपए नकद और चोरी की वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 9 जुलाई को बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने कोतवाली बाजपुर में एक तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनकी ओम ज्वैलर्स नाम से आभूषणों की दुकान है। जिसमें चोरी की वारदात हुई है। बीती 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली बाजपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने घटना का तत्काल अनावरण और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिस पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच टीमों ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और पतारसी के माध्यम से लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और 19/20 जुलाई 2026 की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में इस्तेमाल ऑटो समेत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे, फिर शटर का ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुए। फिर नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) एवं 3(5) की भी बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने आजम पुत्र शकील अहमद, निवासी- आदर्श नगर वार्ड 38 थाना काशीपुर हाल निवासी नरपत नगर रामपुर (उत्तर प्रदेश), इस्लाम पुत्र सफी अहमद, निवासी- नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश), करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, निवासी- नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में ये भी सामने आया कि मुख्य आरोपी आजम पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ साल 2016 और 2017 में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। जबकि, साल 2018 में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वर्तमान चोरी के मामले में भी उसका नाम शामिल किया गया है।

